संवाद न्यूज एजेंसी
हलिया। थाना क्षेत्र के गड़बड़ा राजा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह धान के खेत में एक ग्रामीण का शव बरामद हुआ। पास के खेत में काम कर रहे मजदूरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को खेत से बाहर निकालकर उसका शिनाख्त कराया। शिनाख्त कर परिजनों ने बताया कि मृतक को मिर्गी की बीमारी थी। वह बुधवार की सुबह से लापता थे।
क्षेत्र के महुगड़ी गांव निवासी अमरेश राय (50) बुधवार की शाम को घर से लापता थे। बृहस्पतिवार की सुबह घर से सात किमी दूर गड़बड़ा राजा गांव स्थित राधेश्याम चौरसिया के धान के खेत में शव बरामद हुुआ। बगल के खेत में धान की नर्सरी में कार्य कर रहे श्रमिक सुबह सात बजे धान की नर्सरी उखाड़ने पहुंचे तो शव को देखकर ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दिया।
सूचना पर हलिया पुलिस ने शव का शिनाख्त कराया। मौके पर पहुंचे महुगड़ी गांव निवासी कमलाशंकर राय ने बताया की शव उनके छोटे भाई का है। सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।