लड़की पक्ष वालों ने छीने पैसे और गहने।
- फोटो : फाइल फोटो
मिर्जापुर जिले के एक गांव में गाजियाबाद से शादी करने आए लड़के पक्ष की लड़की पक्ष वालों ने विदाई करने से इनकार करते हुए गहना और पैसा छीन लिया। विरोध करने पर उनकी पिटाई कर उनको भगा दिया। बाजार आकर लड़का पक्ष ने लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद राजगढ़ चौकी पर जाकर घटना की जानकारी दी गई।
मड़िहान के राजगढ़ क्षेत्र में बाहर से आकर पैसे देकर शादी करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में लालगंज में नाबालिग से शादी करने का मामला संज्ञान में आया था। लोग बाहर से आकर पैसे देकर शादी कर दुल्हन विदा कर ले जाते हैं, पर बुधवार को राजगढ़ के एक गांव में मामला उल्टा हो गया।
गाजियाबाद निवासी राजेंद्र कुमार शादी करने के लिए राजगढ़ के एक गांव में बुधवार की सुबह आए थे। उन्हें लड़की वाले अपने घर ले गए। वहां शादी हुई। शादी में 60 हजार नगदी और गहने दिए। लेकिन वधु पक्ष वालों ने लड़की की विदाई करने से इनकार कर दिया।
विदाई करने के लिए जोर डाला तो लड़की वालों ने पिटाई कर भगा दिया। ऑटो से राजगढ़ बाजार आकर लोगों को बताया तो लोगों ने राजगढ़ पुलिस चौकी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस गाजियाबाद से आए लड़के पक्ष को अपने साथ ले गई।