लालगंज। प्रदेश के राजकीय कॉलेजों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए मेजर ध्यानचंद योजना अगले चार दिनों में लागू कर दी जाएगी। यह जानकारी उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. अमित भारद्वाज ने सोमवार को इंदिरा गांधी राजकीय पीजी कॉलेज, लालगंज में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्रों को खेलों के प्रति प्रेरित करना और समग्र विकास को बढ़ावा देना है। योजना के तहत एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। कॉलेजों में खेल के मैदान खेल उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति को भी प्राथमिकता दी जाएगी। प्रो. भारद्वाज ने नई शिक्षा नीति को समयानुकूल और प्रगतिशील बताते हुए कहा कि यह छात्रों को न केवल शैक्षिक बल्कि व्यावसायिक दृष्टिकोण से भी योग्य बनाएगी। उन्होंने कहा कि नीति के तहत छात्रों के समग्र विकास के लिए कई योजनाएं तैयार की गई हैं। छात्र अब अधिक प्रतिभाशाली और आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के राजकीय कॉलेजों में इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। लाइब्रेरी, प्रयोगशालाएं और डिजिटल शिक्षा के लिए स्मार्ट क्लासेज जैसी सुविधाएं प्राथमिकता पर हैं। उनके साथ सहायक निदेशक डाॅ. बीएल शर्मा, डॉ. केके गिरी, डॉ. अंबेश्वरी पांडेय, डाॅ. शिवधर सिंह मौजूद रहे।