मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के बाद अब कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए शिक्षकों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू है। सूची को जल्दी ही अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होने वाली है। इसके लिए जिले में 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में 84886 विद्यार्थी शामिल होंगे। इन विद्यार्थियों में 44494 बालक और 40392 बालिकाएं शामिल हैं। कक्षा 10 की परीक्षा में 22242 बालक और 21768 बालिकाओं समेत 44010 विद्यार्थी शामिल होंगे। इसी तरह से कक्षा 12 में 22252 बालक और 18624 बालिकाओं समेत 40876 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए लगभग 3000 कक्ष निरीक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। डीआईओएस राजकुमार दीक्षित ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की सूची तैयार कराई जा रही है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद ही सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे पहले 2024 की हाईस्कूल की परीक्षा में पंजीकृत 37456 विद्यार्थियों में से 32950 परीक्षा में सफल हुए थे। परीक्षाफल 85.93 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार इंटरमीडिएट की परीक्षा में पंजीकृत 31225 विद्यार्थियों में से 23357 सफल हुए थे। इंटरमीडिएट का परीक्षाफल 74.80 प्रतिशत रहा।