मिर्जापुर के अहरौरा के सोनपुर गांव में पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ।
- फोटो : mirzapur
पानी की तलाश में नौगढ़ के जंगल से भटका एक तेदुआ मंगलवार को सुबह अहरौरा क्षेत्र के सोनपुर गांव में आ धमका। बस्ती के एक युवक को घायल करने बाद वह पास के पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। बाद में वह समीप की एक खाली झोपड़ी में घुस गया। देर शाम उसे पकड़ने के लिए इलाहाबाद से वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
सोनपुर गांव की सोनकर बस्ती निवासी चौथी (32) सुबह सिवान में गया था वहां पर उसे अजीब सी आहट मिली। कोई जानवर होगा यह समझ कर उसने उस दिशा में पत्थर फेंका जिस पर वहां छिपा तेंदुआ बाहर आ गया और उसने चौथी पर हमला बोल दिया। उसके चीखने पर पास के मंदिर का पुजारी त्रिशूल लेकर दौडे़ तो तेंदुआ वहां से भाग कर पास के एक पीपल के पेड़ पर जा चढ़ा।
इस दौरान उसने झारखंड निवासिनी निर्मला(60) पत्नी रामबली को भी घायल कर दिया हल्ला सुनकर लाठी डंडा लिए ग्रामीणों की भीड़ वहां जुट गई। चार घंटे बाद एसडीएम चुनार अवधेश मिश्रा, तहसीलदार चंद्रप्रकाश प्रियदर्शी, सीओ आपरेशन संजय चौधरी, वन, राजस्व व पुलिस की टीम भी पहुंच गई।
तेंदुए को घेर कर पकड़ने का प्रयास किया गया तो वह पेड़ से छलांग लगा कर पास में ही स्थित बिरजू के खाली झोपड़ी में घुस गया। उसके झोपड़ी में घुसते ही ग्रामीणों की मदद से वनकर्मियों ने पटिया व पत्थर लगा कर दरवाजे को मजबूती से बंद कर दिया। अंदर बंद हो जाने से तेंदुआ बार-बार उछल कर खपरैल को तोड़ने का प्रयास करता रहा।
मंगलवार अपराह्न लगभग दो बजे मिर्जापुर से पिंजरा लेकर वन विभाग की टीम आई लेकिन तेंदुए को काबू नहीं कर सकी। देर शाम इलाहाबाद से वन विभाग की दूसरी टीम भी पहुंच गई थी। रात में ड्रैगन लाइट की रोशन में तेंदुआ को पकड़ने का प्रयास जारी था।