भाकियू के मंडल अध्यक्ष के घर फहराया गया काला झंडा।
- फोटो : अमर उजाला।
किसान आंदोलन के छह माह पूरे होने पर किसान नेताओं ने अपने घरों से ही काला दिवस मनाया। जो भी किसान नेता थे, अधिकांश के घर के बाहर पुलिस लगी रही और उनको बाहर नहीं निकलने दिया गया। मिर्जापुर जिले में भी किसान नेताओं ने अपने आवास पर ही काले झंडे फहराकर विरोध किया। भारतीय किसान यूनियन की तरफ से तीनों कृषि कानूनों के विरोध में काला दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सुबह मंडल अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन प्रह्लाद सिंह को उनके आवास ग्राम अहरौरा थाना क्षेत्र के धुरियां में पुलिस प्रशासन द्वारा नजरबंद किया गया। फिर भी उन्होंने अपने आवास पर काला झंडा फहरा कर विरोध प्रदर्शन किया।
किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह के आवास पर थाना अध्यक्ष अहरौरा अजीत कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस बल के साथ उनको घर पर ही नजरबंद किया। इसी प्रकार भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के मंडल अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ वीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह महादेव के आवास पर अहरौरा पुलिस ने उनको नजरबंद किया। इसी संगठन की महिला जिलाध्यक्ष अर्चना चौबे ने अपने घर पर काला झंडा फहराकर तीनों कृषि कानूनों का विरोध किया और उसे वापस लेने की मांग की।