मिर्जापुर। एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने बृहस्पतिवार को मंडी परिषद स्थित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। खाद्य विभाग के केंद्र के प्रभारी अनुपस्थित मिले। एसडीएम ने उनसे स्पष्टीकरण मांग लिया। इस दौरान एसडीएम ने केंद्रों पर धान खरीद की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
जिले में एक नवंबर से धान की खरीद की जा रही है। जिले के 99 केंद्रों पर 1570000 क्विंटल धान की खरीद का लक्ष्य है। इसमें से अभी तक 500000 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। बृहस्पतिवार को एसडीएम ने केंद्रों का निरीक्षण कर धान खरीद की जानकारी ली। उन्होंने केंद्रों पर अभिलेखोंं की जांच की। एक केंद्र पर केवल लालगंज के ही किसानों से धान की खरीद होने की बात सामने आई। इस पर एसडीएम ने सभी केंद्रों के प्रभारियों को पिछले पांच दिनोंं के दौरान हुई धान खरीद की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। मामले की जांच एसडीएम लालगंज करेंगे। यदि कोई मध्यस्थ पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने आगाह किया कि केंद्र प्रभारी किसी भी दशा में सीधे व्यापारियों से धान की खरीद न करें। मंडी समिति परिसर में खाद्य विभाग, मंडी परिषद व भारतीय खाद्य निगम के खरीद केंद्र खुले हैं।