मिर्जापुर। कछवां पुलिस, आबकारी और क्राइम ब्रांच की टीम ने करसड़ा रामपुर मोड़ के पास से एक कार से अवैध शराब बरामद कर तस्करों को पकड़ा। तस्करों के निशानदेही पर पुलिस ने शराब बनाने के उपकरण, सामग्री और अन्य सामान भी बरामद किए। अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मामले का खुलासा एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने किया। बताया कि नकली शराब बनाने में यूरिया का करते थे इस्तेमाल।
मामला का खुलासा करते हुए एएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कछवां पुलिस क्रिश्चियन तिराहा के पास मौजूद थी। तभी उसे मुखबिर ने सूचना दी कि एक सफेद कार कछवां की ओर आ रही है, इसमें अवैध शराब बनाने के उपकरण है। इसके बाद पुलिस, आबकारी और क्राइम ब्रांच की टीम ने करसड़ा स्थित रामपुर मोड़ पर घेराबंदी करके सफेद रंग बिना नंबर की कार को रोककर चेक किया। कार में शराब की पेटी, शराब बनाने से संबंधित उपकरण मिले। पूछताछ करने पर वाहन सवार ने बताया कि बजहां में गंगा नदी के किनारे स्थित राहुल सिंह के ट्यूबवेल पर अवैध रूप से शराब बनाने का कार्य करते हैं। शराब बनाने के लिए ही जा रहे थे। पुलिस टीम ने राहुल सिंह के ट्यूबवेल पर दबिश दी तो तो काफी मात्रा में शराब और उपकरण, अन्य सामग्री के साथ राहुल सिंह को पकड़ा। पूछताछ में बताया कि स्प्रिट में फ्लेवर केमिकल व चॉकलेटी ब्राउन पाउडर व तीव्रता बढ़ाने के लिए यूरिया खाद मिलाकर नकली शराब बनाते हैं। खाली शीशियों में भरकर नकली लेवल व क्यूआर कोड लगाकर असली व ब्रांडेड शराब के रूप में गांव-गांव घूमकर बेचते हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित लालजी यादव रामलाल निवासी कछवां डीह थाना कछवां,नन्हकू यादव निवासी छतेरी मानपुर थाना मिर्जामुराद जनपद वाराणसी, मुन्ना विश्वकर्मा निवासी केलाबेला थाना चुनार, राहुल सिंह निवासी बजहां थाना कछवां को गिरफ्तार किया। उनके पास से कार, बाइक, देशी शराब छह पेटी, दो किलो यूरिया, टेट्रा पैक मशीन, ढ़क्कन पैक करने की मशीन, प्लास्टिक की खाली शीशी, देशी शराब का ढ़क्कन, अन्य शराब का ढक्कन बरामद किया।