हलिया थाना क्षेत्र के बंजारी कला गांव से सटे कटहनिया जंगल में बुधवार को देर शाम जंगल से लौट रहे चरवाहे को मनुष्य की क्षत-विक्षत कंकाल दिखी। चरवाहे ने जंगल में कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को दी। जिस पर मौके पर पहुंचे सीओ लालगंज व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंक दिया होगा।
बंजारी कला गांव निवासी चरवाहा उमेश बुधवार को सुबह पशुओं को चराने के लिए जंगल में गए थे। देर शाम पशुओं को लेकर वापस गांव लौट रहे थे कि जंगल में मानव कंकाल दिखा। मानव कंकाल दिखने की जानकारी ग्रामीणों सहित थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने मामले की जांच करते हुए सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह को सूचना दी। सीओ लालगंज ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। फोरेंसिक टीम प्रभारी माया शंकर पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने गांव के लोगों से कंकाल के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंक दिया होगा। सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह ने बताया कि मानव कंकाल मिला है। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शिनाख्त और जानकारी के लिए जंगल के आस-पास के गांव में भी जानकारी की जा रही है।