केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को लेकर विंध्याचल मंदिर परिसर और जीआईसी ग्राउंड में जोरदार तैयारियां चल रही हैं। मंदिर परिसर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मंदिर का आकर्षण देखते ही बन रहा है। पूरे दिन कार्यक्रम स्थलों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा।
जीआई क्राफ्ट से होगा गृहमंत्री और मुख्यमंत्री का अभिनंदन
केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का अभिनंदन जीआई क्राफ्ट से किया जाएगा। पद्मश्री सम्मानित जीआई विशेषज्ञ डॉ रजनीकांत ने बताया कि विंध्य कॉरिडोर के शिलान्यास समारोह के अवसर पर देश के गृह मंत्री अमितशाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन काशी के मास्टर शिल्पियों के द्वारा तैयार हस्तशिल्प से होगा। तैयार उत्पादों को विंध्याचसल मंडल के आयुक्त को दिया जा चुका है।
कैलिग्राफी विधि से लाल रेशमी धागे का प्रयोग करते हुए अंगवस्त्रम तैयार किया गया है जिसमें एम्ब्रियोडेरी किया गया है जिस पर मां का नाम लिखा है। साथ ही मंदिर आकृति का ध्वज बना है। स्मृति चिह्न के रूप में मेटल रिपोजी क्राफ्ट में माता विंध्याचल देवी की मूर्ति को उभार कर बनाया गया है और मीनाकारी का प्रयोग किया गया है। यह दोनों क्राफ्ट बनारस सहित मिर्जापुर जनपद की भी बौद्धिक संपदा में शुमार है और विकास के नए आयाम में अपनी भूमिका निभाएंगी। मंडलायुक्त के निर्देश पर इसे तैयार किया गया है।