हलिया। क्षेत्र के महुअट गांव स्थित सम्राट अस्पताल में एक सरकारी डॉक्टर इलाज करते पाए गए। ड्रमंडगंज क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव की अर्चना देवी की ओर से सीएम पोर्टल पर शिकायत करने पर मंगलवार को डिप्टी सीएमओ डाॅ. अवधेश कुमार सिंह जांच करने पहुंचे तो इसका खुलासा हुआ।
सीएम पोर्टल पर शिकायत मिलने पर डिप्टी सीएमओ अस्पताल में जांच करने पहुंचे तो हलिया ब्लाॅक के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डाॅ. मनीष कुमार सम्राट वहां इलाज करते पाए गए।
डिप्टी सीएमओ ने ड्यूटी के समय निजी अस्पताल में आने का कारण पूछा तो डाॅ. मनीष कुमार जवाब नहीं दे सके। डिप्टी सीएमओ ने एमओआईसी हलिया डाॅ. अवधेश कुमार से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि डाॅ. मनीष कुमार ने आज किसी तरह का अवकाश नहीं लिया है।
डिप्टी सीएमओ ने एमओआइसी से डाॅ. मनीष के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि डॉ. मनीष को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।