क्षेत्र के महमूदपुर गांव में ईंट पत्थरों से मारकर अधेड़ की हत्या का मामला पटीदार से पांच बिस्वा भूमि खरीदने की ललक से जुड़ा है। भूमि का बैनामा न मिल पाने की खुन्नस रंजिश में बदल गई और हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र अमन सिंह की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
अमन सिंह ने बताया कि पटीदारों की नियत भूमि को हड़पने या औने पौने दाम पर खरीदने की रही है। जिसको लेकर आपस में विवाद तथा झगड़ा अक्सर होता रहा है। पांच बिस्वा भूमि का बैनामा दूसरे के पक्ष में कर दिए जाने को लेकर आरोपी आए दिन विवाद तथा झगड़ा करते रहे थे। एक सप्ताह पूर्व दूसरे के हक में उस भूमि का 5 बिस्वा बैनामा कर दिया गया। जिसकी खुन्नस उतारने के लिए मंगलवार की शाम पहले से ही घात लगाए दीपक सिंह व उसके साथियों ने जानलेवा हमला किया। जिसमें घायल होकर पिता अशोक सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दीपक सिंह, प्रिंस सिंह उर्फ आदर्श सिंह, बादल सिंह, पन्ना सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
शव को सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम
अहरौरा। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की शाम पुलिस ने दाह संस्कार के लिए शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद घटना से आक्रोशित ग्रामीण व परिजनों चुनार चौराहा स्थित मेहंदीपुर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जिससे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर आवागमन काफी देर तक बाधित हो गया। परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची। शव को थाने लेकर आ गई। जहां परिजनों को समझा कर जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया गया। पीड़ित पक्ष की जिद्द पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। देर शाम तक आपसी सहमति बन जाने के बाद परिजन शव लेकर दाह संस्कार को निकल गए।