वॉल पुट्टी लदी पिकअप को लूटने के लिए चालक की हत्या करने के तीन आरोपित और लूट का सामान खरीदने वाले दुकानदार को पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में पत्रकार वार्ता कर मामले का खुलासा किया। बताया कि जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित मकरा गांव के मां वैष्णो ट्रांसपोर्ट कंपनी से 10 सितंबर को 75 बोरी वॉल पुट्टी लादकर चालक अमरदीप केसरी उर्फ रिंकू केसरी (40) निवासी सिकंदरपुर चकिया जनपद चंदौली ओबरा पहुंचाने जा रहा था। उसके पूर्व परिचित सागर प्रजापति ने उसे अंकुर ढाबे पर बुलाया। शराब पिलाने के बाद पिकअप में सवार हो गया। रास्ते में अमरदीप की हत्या कर शव को हनुमान पहाड़ी पर छिपा दिया। पुट्टी को चंदौली के जायसवाल हार्डवेयर के मालिक शुभम जायसवाल को 24 हजार मेें बेच दिया। काल डिटेल के जरीए पुलिस ने तीनों आरोपी सुनील कुमार प्रजापति, सागर समस्त निवासी सिकंदरपुर थाना जमालपुर तथा शुभम प्रजापति निवासी पथरौरा अदलहाट को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद मृतक का कंकाल और हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद किया। पूछताछ के बाद पुट्टी खरीदने वाले शुभम जायसवाल को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को चारों को कोर्ट में पेश किया जहां उसे उन्हें जेल भेज दिया गया।