कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने हर घर नल योजना में हुी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे कार्य में कम प्रगति मिलने एवं कार्यदायी संस्था द्वारा कई गांवों में कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से नाराजगी जताई। साथ ही हिदायत दी कि जिन स्थानों पर कार्य नहीं हुए हैं, वहां हर हाल में 25 नवंबर तक कार्य शुरू कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि 25 नवंबर तक कार्य शुरू होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर संस्था को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को आगाह किया कि कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दें। गुणवत्ता खराब मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र कुमार वर्मा ने सभी परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जिलाधिकारी को विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा बैठक में ग्राम मानिकपुर में मल्टीअर्बन कार्यदायी संस्था के कार्यों पर असंतोष व्यक्त जताते हुए आगाह किया कि वहां प्रगति सबसे खराब है। चेतावनी दी कि यदि निर्धारित तिथि पर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी। नमामि गंगे परियोजना के तहत कार्यदायी संस्था एनसीसी के द्वारा अहुंगी कला एवं महादेवा, कार्यदायी संस्था मेघा के द्वारा बथड़ा, धावां तालर, जीएनफ्रा के द्वारा महुवारी, दन्ती तथा मल्टी अर्बन के द्वारा मानिकपुर में कार्य कराया जा रहा है। प्रगति ठीक नहीं मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 15 दिन बाद फिर बैठक आयोजित की जायेगी। जिसमें प्रगति रिपोर्ट के साथ कार्यदायी संस्थाओं के लोग मौजूद रहेंगे। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।