फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: शहीद चंद्रप्रकाश को नम आंखों से दी विदाई

विज्ञापन
विज्ञापन
कछवां। क्षेत्र के नारायनपुर गांव के जिन गलियों में देश सेवा का जज्बा लेकर निकलते थे, उन्हीं गलियों व रास्तों से जब शहीद चंद्र प्रकाश पटेल का पार्थिव शरीर गुजरा तो गांव का हर शख्स सिसक पड़ा। शहीद के घर पर मंगलवार शाम चार बजे भारत माता की जय व चंद्र प्रकाश पटेल अमर रहे... के नारे लगे। शहीद की पत्नी स्नेहा ने सलामी के साथ अंतिम विदाई दी। इसके बाद तीन वर्षीय इकलौते पुत्र अयांश ने भी नम आंखों से शहीद पिता को सलामी दी।
विज्ञापन

नारायनपुर गांव निवासी भारतीय सेना में कार्यरत चंद्र प्रकाश पटेल 99 बटालियन सूरजगढ़ जयपुर राजस्थान में तैनात थे। 16 दिसंबर की भोर में बंकर में बारूद फटने से चंद्र प्रकाश शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार शाम चार बजे उनके पैतृक गांव लाया गया। शाम करीब पांच बजे गांव से जब आर्मी के जवानों ने पार्थिव शरीर उठाया तो हर आंख नम हो गई। इसके बाद आर्मी के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ सलामी दी। सेना के अधिकारियों के साथ जिले आला अधिकारियों ने तिरंगा शहीद की पत्नी स्नेहा को सौंपा। इसके बाद शहीद की पत्नी स्नेहा ने पुत्र अयांश का हाथ पकड़कर सलामी दिलाई और स्वयं अंतिम विदाई दी। अन्य लोगों के साथ पत्नी सुमन ने पति की शहादत के नारे लगाए। इसके बाद सेना के जवानों, एसडीएम सदर गुलाब चंद्र, सीओ सदर अमर बहादुर शहीद जवान का पार्थिव शरीर लेकर अदलपुरा घाट गए। एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने बताया कि बंकर में विस्फोट होने के कारण चंद्रप्रकाश शहीद हो गए थे। उनको राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।


प्रशासनिक अमले ने दी श्रद्धांजलि
कछवां। शहीद चंद्रप्रकाश पटेल के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के ग्रामीण, जन प्रतिनिधि व प्रशासनिक अमला पहुंचा। पूर्व विधायक सहित भाजपा, सपा, बसपा, अपना दल एस के मझवां विधायक व सांसद की तरफ से प्रतिनिधि पहुंचे। भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरजाशंकर पटेल, रमापति पटेल, सुरेंद्र पटेल, शहीद की बहन, भाइयों, चाचा ने पुष्प अर्पित किया।
विज्ञापन

केंद्रीय राज्य मंत्री ने दी श्रद्धांजलि
मिर्जापुर। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने फेसबुक पर पोस्ट कर भारतीय सेना के वीर सपूत चंद्र प्रकाश पटेल को श्रद्धांजलि दी। लिखा कि उनके शौर्य और बलिदान को पूरा देश नमन करता है। शोक की इस घड़ी में शहीद चंद्र प्रकाश पटेल के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। उनके अदम्य साहस व राष्ट्रसेवा को सलाम करती हूं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें