मिर्जापुर। प्रशासन ने मंगलवार को नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कचहरी से लेकर जिलाधिकारी आवास तक सड़कों पर हुए अतिक्रमण को हटवाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही।
नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रभात राय एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ओमप्रकाश के नेतृत्व में सड़कों पर अस्थायी दुकानें, ठेले, गुमटी, अवैध निर्माण को हटाया गया। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि ठेले, सब्जी और फल लगाने वालों को सिटी क्लब में अस्थायी जगह दी जाएगी। ताकि वे सुव्यस्थित तरीके से वस्तुओं का विक्रय कर सकें। इससे ग्राहकों को भी खरीदने में सुविधा होगी। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि अभियान में कई दुकानदारों का चालान काटा गया है। अतिक्रमण करने वाले सभी विक्रेताओं को निर्देश दिया जाता है कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सिटी क्लब में ही लगाएं अन्यथा असुविधा एवं अव्यवस्था के कारण जुर्माना एवं विधिक कार्रवाई दोनों की जाएगी।