हलिया। विकास कार्यों को लेकर ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को हुई बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने अनुपस्थित तीन सचिवों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। ग्राम पंचायतवार हुई समीक्षा के दौरान जिला डीपीआरओ ने विद्यालयों के किचन शेड में टाइल्स, नाली, हैंडपंप मरम्मत के अलावा आरआरसी सेंटर के साथ ई रिक्शा संचालन के बारे में जानकारी ले रहे थे।
पूर्व सूचना के बाद भी बैठक में अनुपस्थित सचिव विजय कुमार, शैलेंद्र और अरविंद का एक दिन का वेतन रोकने की संस्तुति का पत्र भेजा। समीक्षा के दौरान डीपीआरओ ने अधूरे विकास कार्यों को एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने हलिया में बने आरआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। खामियां पाए जाने पर संबंधित सचिव और ग्राम प्रधान को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत रुपेश श्रीवास्तव, राजेंद्र बिंद, दिनेश यादव, मनोज गौड़ आदि उपस्थित रहे।