लालगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 135 पर स्थित बबुरा भैरव दयाल गांव के सामने रविवार देर रात दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डाक्टर ने एक चालक को मृत घोषित कर दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उनको मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र के दुगुना निवासी विजय शंकर तिवारी (55) ट्रक चालक थे। वह भदोही के लोकमनपुर निवासी संजय दुबे की ट्रक कोलकाता रूट पर चलाते थे। वह रविवार को कोलकाता से सामान लेकर मिर्जापुर आ रहे थे। देर रात लालगंज थाना क्षेत्र के बबुरा भैरव दयाल गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही ट्रक से भिड़ंत हो गई। इससे दोनों ट्रक सवार चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने 108 एंबुलेंस को बुलाया। घायलों को निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डाक्टर ने विजय शंकर तिवारी को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायल बाबूलाल विश्वकर्मा (32) पुत्र स्व. छोटे लाल विश्वकर्मा, कृष्णा नंद (30) पुत्र श्याम सुंदर निवासी पटेहरा जिला रीवां मध्य प्रदेश मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक विजय शंकर तिवारी दो भाइयों में छोटे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।