चुनार में एक निजी गोदाम में रखे गए 16 लाख रुपये मूल्य के चावल के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी न मिल पाने के कारण जिलाधिकारी ने इसकी जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। उन्होंने टीम से तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
चुनार में पिछले दिनों खाद्यान्न वितरण में अनियमितता का मामला प्रकाश में आया था। इस मामले में वहां के एसएमआई को निलंबित भी किया जा चुका है। इसके बाद संबंधित एसएमआई ने एक पत्र के माध्यम से बताया कि एक हजार 47 बोरियों में पांच सौ 21 क्विंटल चावल है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख चार हजार छह सौ रुपये है। इसी थाना क्षेत्र के निवासी प्यारे लाल के निवास में किराए पर अनाज रखा हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां खाद्यान्न कब से रखा गया है और गुणवत्ता कैसी है, इसका पता नहीं चल पा रहा है। इसके लिए जिलाधिकारी ने एसडीएम चुनार, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी गुणवत्ता, नियंत्रक एफसीआई व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी चुनार को शामिल कर टीम बनाकर तीन दिनों में जांचकर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। इस संबंध में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी धनंजय सिंह का कहना है कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है।