सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार नितिन गडकरी ने कहा कि यमुना में सोनीपत, पानीपत से वाया दिल्ली, प्रयागराज तक जल परिवहन हो सकेगा। सोनीपत से दिल्ली होते हुए पानी का जहाज वाया मथुरा, आगरा, इटावा, प्रयागराज पहुंचेगा। प्रोजेक्ट वर्ल्ड बैंक के पास भेज दिया गया है। यह सपना भी जल्द पूरा होगा।
उन्होंने बताया कि पूरे नार्थईस्ट को बांग्लादेश से जोड़ने का भी काम हो रहा है। भारत से बाहर बांग्लादेश में मुगली पोर्ट का कार्य कराया गया। आगे साउथ ईस्ट एरिया सहित कई देशों से जलमार्ग से संपर्क आसान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मांग पर संबंधित विभाग के मंत्री रहने के दौरान उन्होंने, साहिबगंज, गाजीपुर, वाराणसी सहित अन्य क्षेत्रों की तरह मिर्जापुर के रिवरपोर्ट को मान्यता दे दी है। उन्होंने स्थानीय जनता से वायदा किया कि अगली बार केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ वह दिल्ली से हवाई जहाज में बैठकर यहीं गंगा में पानी में उतरेंगे।
उन्होंने बताया कि 18 करोड़ का 18 सीटर सी प्लेन आ रहा है। 100 सी प्लेन एक कंपनी द्वारा खरीदे जाने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया कि वे उक्त कंपनी से सीएम को मिलाएंगे, जिससे सी प्लेन की सुविधा स्थानीय जनता को मिल सके। आगे कहा कि नमामि गंगा योजना में काम करने के दौरान परिवहन मंत्री ने 40 उपनदी और नाले तथा गंगा के किनारे उपनगरों की स्वच्छता के लिए काम किया। 26 में 20 हजार करोड़ के कार्य हुए। मोदी जी का दूसरा सपना था जलपरिवहन। वाराणसी से लेकर हल्दिया तक 1350 किलोमीटर तक जलमार्ग का काम पूरा हुआ है। वाराणसी से प्रयागराज के बीच भी ड्रेजिंग कराया गया। कहा सुशासन के लिए माफिया, गुंडे, अंडरवर्ल्ड को समाप्त करने का काम सीएम योगी ने किया। उन्होंने प्रदेश में राष्ट्रवाद, सुशासन, विकास के लिए सीएम योगी की तारीफ की। कहा प्रदेश में भव्य राम मंदिर के साथ ही रामराज्य की स्थापना की है।