मिर्जापुर। पंचम वित्त एवं 15वें राज्य वित्त आयोग से जिले की 34 सड़कों का विकास किया जाएगा। इसमें छोटी- बड़ी सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य शामिल है। इसके लिए फिलहाल बजट जारी कर कार्य शुरू कर दिया गया है।
पंचम वित्त से जिले के लालगंज, सिटी, छानबे, मझवां, पहाड़ी, पटेहरा व राजगढ़ विकास खंड की सड़कों का लेपन, मरम्मत कार्य किया जाना है। इस समय अधिकांश जगहों पर ग्रामीण सड़कें बदहाल हैं। कहीं- कहीं तो सड़क दिखाई ही नहीं देती। केवल गड्ढे ही दिखाई देते हैं। ऐसी तकरीबन 71 किलोमीटर लंबी सड़कों का मरम्मत कार्य होना है। कई जगहों पर काम शुरू भी कर दिया गया है। मरम्मत व लेपन कार्य लगभग पांच करोड़ की लागत से होना है। इसमें कई छोटी व कई बड़ी सड़कें भी शामिल हैं। इसी प्रकार 15 वें राज्य वित्त आयोग से पांच करोड़ की लागत से लगभग 10 सड़कों का निर्माण किया जाना है। इसमें छोटी सीसी सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन सुचारु रूप से हो सकेगा। इसके लिए समय-समय पर ग्रामीण आवाज उठाते रहते हैं।