चुनार। सिद्धनाथ की दरी में बुधवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव से मिले आधार कार्ड से परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे दिन में ड्यूटी पर लगे गार्ड एवं पर्यटक स्थल पर आने वाले पर्यटकों का फोटो खींचने वाले फोटोग्राफरों की नजर दरी में पड़े शव पर गई। शव मिलने की सूचना पर सक्तेशगढ़ चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान पुलिस को युवक के पैंट की जेब से आधार कार्ड मिला। इससे उसकी शिनाख्त राकेश (28) पुत्र नंदलाल निवासी देवीपुर जंसा, वाराणसी के रूप में हुई। स्थानीय पुलिस द्वारा घटना की सूचना परिजनों को दी गयी। कोतवाली पहुचे मृतक के परिजनों ने बताया कि युवक राजातालब में संविदा लाइनमैन था। मंगलवार को वह ड्यूटी पर गया था। दोपहर में वह फोन कर परिवार से सिद्धनाथ की दरी जाने की बात बताया था। युवक का विवाह तीन वर्ष पूर्व हुआ था। उसे डेढ़ वर्ष का एक पुत्र है। सीओ रामानंद राय ने बताया कि पैर फिसलकर दरी में गिरने से डूबकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण की पुष्टि होगी।