शुक्रवार की देर शाम अचानक आई तेज आंधी व बूंदाबांदी से नगरीय इलाकाें सहित जनपद के ग्रामीण अंचलों में काफी नुकसान हुआ। चुनार, लालगंज, मड़िहान और सदर तहसील क्षेत्र में तेज आंधी-पानी से जहां एक ओर टीन छप्पर उड़ गए, वहीं पेड़ पर लगे आम के फल गिरकर बर्बाद हो गए, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
अचानक आई तेज आंधी और बूंदाबांदी से विद्युत पोल से तार टूटकर नीचे गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे उमस भरी गर्मी में लोगाें की नींद गायब हो गई।
चुनार प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र के शिवपुर में पावक सिंह का पोल्ट्री फार्म का टीन शेड गिर गया, जिसमें करीब चार हजार मुर्गे दबकर मर गए, वहीं सक्तेशगढ़ रामपुर निवासी बजरंगी व रमाशंकर अपनी बकरियों को लेकर गंगा किनारे सीवान में पेड़ में बंधी थी, तेज आंधी आने से पेड़ गिरने से 11 बकरियों की मौत हो गई, जिससे उनका हजारों का नुकसान हो गया।
चुनार क्षेत्र के धरम्मलपुर गांव में तेज आंधी से सैकड़ों वर्ष पुराना पीपल का गिरा, जिससे किसी के चुटहिल होने की सूचना नहीं है। लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के लालगंज बाजार, मानिकपुर, खजुरी, रेही, गंभीरापुर, तेंदुई, बस्तरा पंाडेय आदि गांवों में आंधी पानी से भारी नुकसान हुआ है।
मड़िहान प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार की रात आई तेज आंधी से मड़िहान, हिनौता, हसरा, पटेवर, जमुई, कलवारी, पचोखरा, रैकरा, कोटवां, बेलहरा आदि गांवों में तेज आंधी से विद्युत तार जगह-जगह से टूटकर गिर गए जिससे रात भर विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे जनजीवन बेहाल रहा।