लूट की वारदात को अंजाम देने आए स्कार्पियों सवार बदमाशों का रविवार को क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने पीछा किया। बदमाशों ने विंध्याचल थाना क्षेत्र के नंदजा देवी मंदिर पहाड़ी के पास पहुंचने के बाद पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। लगभग एक घंटे की मुठभेड़ के बाद और एक बदमाश को दबोच लिया। उनकी स्कार्पियो बरामद कर ली गई। पकड़े गए बदमाश की निशानदेही पर इलाहाबाद जिले में कई जिलों में छापामारी की गई
पुलिस सूत्रों की माने तो शनिवार की रात स्कार्पियो सवार बदमाश हलिया थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज इलाके में किसी लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। जिसकी खबर लगते ही क्राइम ब्रांच व जिगना पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें दबोचने का निर्णय लिया। टीम ने देर रात बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस को पीछा करते देख स्कार्पियो बदमाश मिर्जापुर इलाहाबाद के मुख्य मार्ग से अंदर गए नंदजा देवी मंदिर की ओर भाग निकले। फिर भी पीछा करने पर नंदजा देवी मंदिर के पास बदमाशों व पुलिस के बीच फायरिंग शुरू हो गई। हससे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि एक घंटे तक दोनों तरफ से फायरिंग होती रही। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। काफी देर तक तो कोई बाहर निकलने का साहस तक नहीं जुटा पाया। फायरिंग बंद होने पर सड़क पर आए तो कुछ लोगों को भागते देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक स्कार्पियो को कब्जे में लेकर एक युवक को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश से पुलसि की टीम पूछताछ कर रही है।
पकड़े गए बदमाश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने इलाहाबाद में कई जगह दबिश दी लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
पुलिस का कहना है कि बदमाश लूटपाट की नियत से जा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर उनकी घेराबंदी की गई तो वे गोलियां चलाने लगे। पुलिस को उम्मीद है कि वाहन में सवार अन्य लोगों की गिरफ्तारी के बाद बड़े लूटकांड का पर्दाफाश हो सकता है।