सोनभद्र के डाला स्थित जेपी सीमेंट फैक्ट्री से सोमवार की देर शाम सीमेंट लोडकर भदोही के लिए निकले ट्रक के सीमेेंट को बदमाशों ने बीच रास्ते में लूट लिया और ट्रक को अहरौरा थाना क्षेत्र के दुर्गाजी पहाड़ पर लावारिस हालत में छोड़ कर फरार हो गए। उसमें लदी सीमेंट की बोरियां गायब हैं। मामले की जानकारी तब हुई जब दूकानदार ने बुधवार की शाम ट्रक मालिक को फोन कर सीमेंट नहीं पहुंचने की शिकायत की। दूकानदार की शिकायत पर ट्रक मालिक ने चालक से संपर्क साधा तो उसका मोबाइल बंद मिला। खोजबीन में जुटे परिजन व मालिक ने मामले से पुलिस को अवगत कराया लेकिन अहरौरा पुलिस द्वारा कोई सहयोग नहीं करने पर लोगों ने पुलिस अधीक्षक को घटना से अवगत कराते हुए लापता चालक को खोजवाने की गुहार लगाई।
बताते चलें कि देहात कोतवाली क्षेत्र के जसोवर गांव निवासी मनोज मौर्या की दस चक्का ट्रक लेकर चील्ह थाना क्षेत्र के चील्ह निवासी शोभनाथ सोमवार की रात नौ बजे सोनभद्र से डाला स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री से 300 बोरी सीमेंट लाद कर भदोही के मौर्या सीमेंट एजेंसी के लिए निकला था। बुधवार की रात तक दूकानदार के पास सीमेंट नहीं पहुंचा तो उसने तत्काल ट्रक मालिक को सूचना देते हुए जल्द सीमेंट पहुंचाने की बात कही। इस पर ट्रक मालिक ने बताया कि मंगलवार की रात ट्रक को उसके पास पहुंच जाना चाहिए था। अभी तक क्यों चालक क्यों नहीं ट्रक लेकर पहुंचा इसके बारे में जानकारी कर बताएगा। ट्रक मालिक ने तत्काल चालक से संपर्क कर लोकेशन पता करने की कोशिश की तो चालक का मोबाइल बंद मिला।
दो दिन तक चालक का पता नहीं चलने पर ट्रक मालिक मनोज मौर्या के साथ चालक का पुत्र संजय यादव खोजबीन के लिए गुरुवार को डाला के लिए निकले। पूछताछ करने पर पता चला कि मंगलवार की रात नौ बजकर 35 मिनट पर चालक ट्रक लेकर वैष्णो मंदिर से क्रास किया था। इसके बाद कहीं लोकेशन नहीं मिला। अन्य चालकों से इस बारे में जानकारी लेनी चाही तो पता चला कि अहरौरा के दुर्गाजी पहाड़ के पास लावारिस हाल में ट्रक खड़ा है। घटना की जानकारी अहरौरा पुलिस को देते हुए मालिक व चालक का पुत्र ट्रक के समीप पहुंच कर देखा तो पीछे का डाला बंद है लेकिन उसमें लदी सीमेंट की बोरियां गायब हैं। जिसके बारे में स्थानीय पुलिस द्वारा सहयोग नहीं करने पर चालक के परिजनों ने गुरुवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन को मामले से अवगत कराते हुए पुत्र की खोजबीन कराने की मांग की।