बीएचयू के दक्षिणी बरकछा परिसर के विंध्याचल हास्टल में शुक्रवार की देर रात बिजली काटने को लेकर छात्रों के बीच मारपीट और चाकूबाजी हो गई। इसमें बीकाम के दो छात्र घायल हो गए। देहात कोतवाली पुलिस ने घायल छात्रों को जिला अस्पताल भेजा। मामले में सात छात्रों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया।
विंध्याचल हास्टल में बीकाम प्रथम वर्ष और बैचलर आफ वोकेशनल स्टडीज प्रथम वर्ष के छात्र रहते हैं। पहले तल पर वोकेशनल औरदूसरे तल पर बीकाम प्रथम वर्ष के छात्रों का छात्रावास है। बीकाम के छात्रों का आरोप है कि एक सप्ताह से वोकेशनल कोर्स के छात्र आधी रात को बिजली काट देते हैं। शुक्रवार की रात भी बीकाम के छात्रावास की बिजली काट दी गई।
चालू करने गए छात्र शिवेंद्र मणि त्रिपाठी (20) निवासी बस्ती और लकी (20) निवासी गोमती नगर, लखनऊ की वोकेशनल के छात्रों की पिटाई कर दी। शोरगुल पर अन्य छात्र पहुंचे तो दोनों हॉस्टलों के छात्रों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मामला बढ़ने पर चाकू से हमला कर दिया गया। इसमें शिवेंद्र व लकी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी होने पर सीओ सदर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला शांत कराकर घायलोें को अस्पताल पहुंचाया। वहां से जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घायल शिवेंद्र की तहरीर पर प्रिंस पाठक, रिषव जायसवाल, आशीष, शुभम दूबे, सचिन जायसवाल, अक्षय, अजय पते के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।