जिगना। स्थानीय थाना क्षेत्र के मनिकठा गांव में शुक्रवार को पानी की टंकी में डूबने से पांच वर्षीय बालिका की मौत हो गई जबकि साथ में डूब रहे छह वर्षीय बालक को बचा लिया गया।
मनिकठा गांव निवासी मनोज कुमार केशरवानी की पुत्री रूपा (5) और विनोद केशरवानी का पुत्र हिमांशु (6) खेलते-खेलते पड़ोस के ही एक व्यक्ति के सीमेंटेड पानी की टंकी की पास चले गए। खेलते समय दोनों पानी टंकी में गिर गए। इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सायंकाल करीब साढे़ पांच बजे मवेशियों को पानी डालने के लिए एक व्यक्ति टंकी के पास गया तो देखा कि टंकी में दो बच्चे डूबे हैं। यह देख उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। उसने शोर मचाने हुए पानी की टंकी से दोनों को बाहर निकालते हुए एक निजी चिकित्सालय में ले गया जहां पर चिकित्सकों ने रूपा को मृत घोषित कर दिया जबकि हिमांशु को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। बालिका के मौत की खबर लगते ही परिजन रोते बिलखते उसके घर पहुंचे। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया ।