मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के इमामबाड़ा निवासी आजम (35) की अप्रैल में अपहरण के बाद हत्या मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया है। चारों से पूछताछ की जा रही है। हत्याकांड के कुछ और आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
इमामबाड़ा निवासी आजम का मोहल्ले के कुछ लोगों से जमीन को लेकर 12 वर्षों से विवाद होता चला आ रहा था। आजम का मोहल्ले के ही कुछ लोगों से किसी बात पर विवाद हुआ था। इसका लाभ उठाते हुए विपक्षियों ने 24 अप्रैल को कचहरी जाते समय आजम का अपहरण कर लिया था और उसकी गला कसकर हत्या कर दी थी। मिर्जापुर औराई मार्ग पर जाम के चलते आरोपी उसकी लाश को ठिकाने नहीं लगा पाए थे। इसके चलते भोर में उसकी लाश बोरे में भरकर इलाहाबाद जनपद के हंडिया ले गए और वहां सड़क किनारे उसे फेंक दिया। हंडिया पुलिस ने अज्ञात लाश समझकर उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को दफन करा दिया। उधर दो दिनों तक आजम नहीं लौटा तो परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए। मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर चुनावी रंजिश के चलते उसका अपहरण करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दे दी। इसके अलावा कलेक्ट्रेट पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। आजम के बरामद नहीं होने पर पूर्व कटरा कोतवाल श्रीकांत राय तक को हटा दिया गया फिर भी आजम बरामद नहीं हुआ। इसी बीच इलाहाबाद जनपद की पुलिस ने अज्ञात लाश की पहचान के लिए मिर्जापुर, भदोही आदि जिलों में फोटो भेजी जिसे देखकर पुलिस हैरान हो गई। उसने तत्काल आजम के परिजनों को बुलाकर उसकी शिनाख्त कराई। पहचान होने पर पुलिस परिजनों के साथ वहां पहुंची और शव को मिर्जापुर लाकर दफन कर दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर चार लोगों को पकड़ा है जिनसे पूछताछ की जा रही है।