व्यासपुर गांव में सोमवार देर रात चोरों ने शिक्षक के घर पर धावा बोला कर कमरे में रखा संदूक का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये व तीन लाख के जेवरात चुरा ले गए। वारदात के वक्त परिवार दूसरे कमरों में सो रहा था।
मंगलवार सुबह पुलिस ने मौका मुआयना कर पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। ग्राम व्यासपुर में रहने वाले मन्नीलाल पाल का बेटा दीपचंद मैनपुरी जिले में शिक्षक हैं। कुछ दिन पहले ही दीपचंद की शादी हुई थी।
मन्नीलाल ने बताया कि घर के एक कमरे में बड़ा पुत्र दीपचंद व पुत्रवधू साधना पाल सो रहे थे। बाहर के कमरे में उनका छोटापुत्र आशु लेटा था। जबकि वह व उनकी पत्नी घर के बाहर चबूतरे पर लेटे थे। पीछे के रास्ते से छत पर चढ़कर आंगन में उतारे चोरों ने एक कमरे से दो बड़े संदूक व कुछ छोटे संदूक के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात जिसमें जंजीर, चूड़ियां झुमकी, अंगूठी, पायलें चुरा ले गए।
इसके अलावा चोर दो छोटे संदूक उठा ले गए। घर से करीब सौ मीटर दूर चंद्रशेखर के एक खेत में उन दोनों संदूकों के ताले तोड़े और जेवर निकाल ले गए। इसके बाद संदूकों को वहीं छोड़ गए। मंगलवार सुबह पांच बजे के करीब जब घर के लोग जागे तो चोरी का पता चला।
दीपचंद ने यूपी 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर यूपी पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। मन्नी लाल पाल के पुत्र दीपचंद की शादी 19 अप्रैल को हुई थी। चोर शादी में मिले व घर के सारे जेवरात चुरा ले गए। सूचना पाकर सुबह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आलोक राय मौके पर पहुंचे। घटना की पड़ताल की जा रही है।
ग्राम व्यासपुर में हुई चोरी की घटना रात्रि में साढ़े बारह बजे के बाद की है। दीपचंद पाल ने बताया कि रात्रि 12 बजे लाइट न होने के चलते वह जागते रहे। छत पर लेटे थे उसके बाद छत से नीचे उतरकर कमरे में आकर लेट गए थे। तब तक कोई बात नहीं थी। सुबह 5 बजे आंख खुलने पर घटना की जानकारी हुई।
शिक्षक के घर से लाखों के जेवर और नगदी की चोरी
व्यासपुरा गांव में हुई वारदात, घटना के वक्त परिवार सो रहा था