अहरौरा। क्षेत्र के लखनिया दरी मोड़ पर शुक्रवार की रात पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार अधिवक्ता की मौत हो गई जबकि उनके साथ बैठे उनके मित्र बाल-बाल बच गए।
सोनभद्र के पन्नूगंज निवासी अधिवक्ता रवि राय (35) पुत्र ओमप्रकाश राय किसी कार्य से वाराणसी आए थे। शुक्रवार की रात वह राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहा निवासी गोविंद चौबे (40) पुत्र अशोक चौबे के साथ बाइक से घर जा रहे थे। रात 11 बजे वह लखनिया दरी मोड़ के पास पहुंचे थे कि अचानक सड़क पर नील गाय आ गई। नीलगाय से टकराकर रवि राय और गोविंद गिर गए। इसी बीच पीछे से आ रही पिकअप की चपेट में आने से रवि राय गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप से कुचलने के कारण अधिवक्ता रवि राय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उछल कर दूर गिरने के कारण गोविंद चौबे बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भाग गया। दुर्घटना की जानकारी होने पर सदर विधायक भूपेश चौबे अधिवक्ताओं के साथ देर रात पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। हादसे में अधिवक्ता की मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया।