हलिया। थाना क्षेत्र के गड़बड़ा पुल के पास बालू लदे दो ओवरलोड हाइवा को अवैध रूप से बालू का परिवहन करने के आरोप में आरटीओ ने कार्रवाई की। हलिया थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज हलिया संपर्क मार्ग स्थित गड़बड़ा पुल के पास शुक्रवार को प्रात: काल एआरटीओ ने ग्रामीणों की सूचना पर दो ओवरलोड बालू लदे अवैध हाइवा पकड़ी और कार्रवाई की। इससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
बताते चलें कि खनन माफिया वन विभाग में इंट्री फीस जमा करने बाद सैकड़ों की तादात में अवैध रूप से खनन करा रहे हैं। आरोप है कि इसमें लिप्त होने से संबंधित वन विभाग व पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। अवैध परिवहन की सूचना पर पहुंचे एआरटीओ आरडी सिंह ने दो गाड़ियों को सीज कर दिया। सीज गाड़ियां रतेह चौराहा निवासी मुखिया पांडेय तथा बिलरा पटेहरा निवासी अनुज सिंह की हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बालू का अवैध परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है लेकिन आरटीओ का डंडा चलने से अवैध गाड़ियां चंगुल में आ ही गई। कहा जा रहा है कि इसी तरह से आरटीओ तथा खनन विभाग द्वारा चेकिंग होती रहे तो अवैध खनन तथा अवैध परिवहन पर अंकुश लग जाएगा।