ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी खुर्द में एक महिला की शनिवार की देर रात अबूझ हाल में मौत हो गई। मामले की जानकारी होने पर पहुंचे मायके वालों ने ससुर तथा पति पर बेटी को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दियौ।
मध्य प्रदेश के हनुमना जिला थाना शाहपुर क्षेत्र के वधैया गांव निवासी पन्नालाल तिवारी ने अपनी बेटी मनीषा 28 वर्ष की शादी उत्तर प्रदेश के हलिया थाना क्षेत्र के अहुंगी खुर्द गांव निवासी आशीष कुमार के साथ जून 2009 में की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही मनीषा के ससुराली किसी न किसी बात को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उसके साथ अक्सर मारपीट भी कर रहे थे। जिसके बारे में वह घरवालों को फोन कर हमेशा बताया करती थी। शनिवार को ससुरालियों ने उसे मारपीट कर जहर दे दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।