शेरवां। बाइक सवार बदमाशों ने डवक पुलिस चौकी क्षेत्र के मुरेराडीह गांव के पास शुक्रवार की रात एक गल्ला व्यापारी का पिस्टल की नोंक पर दस हजार रुपया, सोने का एक चैन व मोबाइल तथा गाड़ी की चाबी लूट ले गए। घटना के बाद जब भुक्तभोगी ने डवक पुलिस चौकी को सूचना देने पहुंचा तो पुलिस ने चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र का मामला बाते हुए उसे बबुरी भेज दिया। जब पीड़ित बबुरी पहुंचा तो वहां से जमालपुर की घटना बताते हुए दूसरी जगह भेज दिया गया। सुबह होने पर जमालपुर पुलिस ने तहरीर देकर मामले की छानबीन शुरू की दी।
चंदौली जनपद के बबुरी निवासी अजय केशरी पुत्र भरत केशरी बबुरी में गल्ले का व्यापार करता है। शुक्रवार को व्यापार के सिलसिले में वाराणसी गया था। लौटते समय शाम सात बजे जैसे ही जमालपुर थाना क्षेत्र के मुरेराडीह गांव के पास पहुंचा कि पीछे से आ बाइक सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक रोकते ही बदमाशों ने उसके कनपटी पर पिस्टल सटा कर जेब से दस हजार रुपया, गले में मौजूद सोने की चेन और उसका मोबाइल तथा बाइक की चाभी लूटकर फरार हो गए। अजय ने बताया कि बाइक सवार मुंह पर गमछा बांधे थे और जींस का पैंट पहने थे। चेहरा ढका होने के कारण उनकी पहचान नहीं कर सका। उधर पुलिस लूट की घटना से इंकार कर रही है। उसका कहना है कि ऐसी कोई घटना वहां होना नहीं बताया जा रहा है। फिर भी पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।