ड्रमंडगंज। स्थानीय बाजार में शनिवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर सिपाही और दूकानदार के बीच हुई मारपीट मामले में घायल सिपाही कृष्णकुमार की तहरीर पर ड्रमंडगंज पुलिस ने 36 लोगों पर केस दर्ज किया है।
ड्रमंडगंज पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के केंद्रीय सचिव शनिवार की शाम मिर्जापुर-रीवा मार्ग चल रहे निर्माण कार्य को देखने आ रहे थे। उनके आने से पहले ही मिर्जापुर रीवा मार्ग पर जाम लगा था। जानकारी होने पर ड्रमंडगंज चौकी इंचार्ज कृष्णा नंद राय हमराहियों के साथ सड़क किनारे सब्जी व फल की दुुकान लगाने वालों से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा लेकिन किसी दुकानदार ने दुकान नही हटाया। इसी बात को लेकर ड्रमंडगंज के एक सिपाही कृष्ण कुमार और दुकानदारों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान अफरातफरी मच गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक हलिया प्रवीण कुमार सिंह पहुंचे और मामले को शांत कराया। मामले में सिपाही कृष्ण कुमार की तहरीर पर हलिया पुलिस ने ड्रमंडगंज निवासी बुद्घिमान पुत्र भगवान सहित 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने आदि धाराओं में केस दर्ज किया है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।