डोडा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
गंगोह (सहारनपुर)। सड़क किनारे बने एक ढाबे पर छापा मारकर पुलिस ने वहां से डोडा पोस्त बरामद किया है। मौके से दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
रविवार तड़के कोतवाली पुलिस के एसआई सतवीर सिंह अत्री अपनी टीम के साथ धलापड़ा चौकी की ओर गश्त पर निकले हुए थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि सहारनपुर मार्ग स्थित एक ढाबे पर नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ढाबे पर छापा मारा। पुलिस को देख वहां मौजूद दो लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। ढाबे की तलाशी लेने पर 12 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। मौके से एक बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी गांव मक्खन माजरा निवासी दोनों सगे भाई बलकार और धर्मपाल को कोतवाली लाकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों से बरामद बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया है।