कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मिर्जापुर में 14 सितंबर को बिहसड़ा छानबे और देवरी मड़िहान में होने वाले खाट सभा और रोड शो के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर एसपीजी ने जिले में डेरा डाला दिया है। रविवार को एसपीजी ने छानबे के बिहसड़ा स्थित महाशक्ति इंटर कालेज और रोड शो के मार्गों का औचक निरीक्षण किया।
राहुल गांधी की खाट सभा और रोड शो की सुरक्षा के मद्देनजर एसपीजी के डीआईजी ने एसपी अरविंद सेन, एसपी सिटी अशोक शुक्ला, सीओ कुलभूषण ओझा, नगर मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश संग बिहसड़ा स्थित महाशक्ति इंटर कालेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष भगवती चौधरी, राजधर दूबे, राजेश नारायण तिवारी, राजन पाठक, अशोक गुप्ता आदि मौजूद रहे। इसके बाद एसपीजी ने संकटमोचन, घंटाघर, बसनही बाजार होते हुए नारघाट स्थित शहीद उद्यान का निरीक्षण किया। एसपीजी ने पक्का पुल तक निरीक्षण किया। इस दौरान एसओ शहर सुनील सिंह, कटरा सुनील दत्त दूबे, क्राइम ब्रांच के विजय प्रताप मौजूद रहे। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दयाशंकर पांडेय ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी अष्टभुजा विंध्याचल पर हेलीकाप्टर से उतरेंगे। उसके बाद जिगना के बिहसड़ा स्थित महाशक्ति इंटर कालेज में पूर्वान्ह साढ़े दस बजे से खाट सभा करेंगे।
बिहसड़ा में खाट सभा करने के बाद मड़िहान के देवरी में साढ़े 12 बजे से दोबारा खाट सभा करेंगे। मड़िहान में खाट सभा के बाद अपरान्ह ढाई बजे से राहुल गांधी मिर्जापुर में भरुहना स्थित जीडी बिनानी कालेज से संकटमोचन से महंथ शिवाला तक रोड शो करेंगे, इसके बाद शास्त्री पुल से इलाहाबाद के लिए निकल जाएंगे। उन्होंने बताया कि रोड शो भरुहना स्थित जीडी बिनानी कालेज से कचहरी, पुलिस लाइन होते हुए संकटमोचन से घंटाघर, त्रिमोहानी, शहीद उद्यान, नाराघाट, केबी कॉलेज मुसफ्फरगंज, इमामबाड़ा होते हुए शिवाला महंथ तक जाएगा। विंध्याचल में दर्शन पूजन करेंगे और कंतित स्थित मजार पर चादर चढ़ाएंगे। शास्त्री पुल से होते हुए गोपीगंज के रास्ते इलाहाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे। राहुल गांधी नारघाट स्थित शहीद उद्यान में शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।