भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के किसानों ने बैकुंठपुर स्थित पंचायत भवन में किसानों की समस्याओं को लेकर रविवार की पूर्वाह्न 11 बजे से धरना प्रदर्शन के बाद दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर बाईपास त्रिमोहानी नरायनपुर को जाम कर दिया। किसान नेता प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित मांग पत्र को जिलाधिकारी के हाथ में ही सौंपने की जिद करने लगे। कहा कि उनके आने के बाद मांग पत्र देकर जाम समाप्त करेंगे। करीब एक घंटे से सड़क जाम होने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम चुनार जैनेंद्र कुमार के आश्वासन पर किसान नेताओं ने जाम समाप्त कर दिया।
जिलाध्यक्ष अली जमीर खान ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों के साथ आंख मिचौली कर रही है। किसान बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय मुख्य सचिव राजेंद्र प्रसाद शास्त्री ने कहा कि सरकार किसानों को 30 वर्षों से आश्वासन दिया जा रहा है कि किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा, लेकिन दिया नहीं जा रहा है। कहा कि यमुना की धारा को रोक कर जो बिजली का उत्पादन किया जा रहा है उससे किसानों के खेतों को पानी नहीं मिल रहा है। सरकार किसानों की बात करती है लेकिन जब सुविधा देने की बात आती है तो उनके साथ खिलवाड़ करने लगती है।
मांग पत्र मे राष्ट्रीय स्तर की समस्या, प्रदेश स्तर की समस्या के साथ स्थानीय मांगो मे फत्तेपुर टोल प्लाजा पर हुए समझौते को लागू करने, प्रधानमंत्री फसल वीमा योजना में छूटे हुए गांव को शामिल करने, जनपद में चुनार, सदर तहसील के बाढ़ क्षेत्र के गांवों का सौ प्रतिशत नुकसानी का रिपोर्ट सार्वजनिक किये जाने ,अतिवृष्टि से अरहर, सब्जी, मूग, उड़द, ज्वार, बाजरा के नुकसानी की रिपोर्ट शासन को भेज क्षतिपूर्ति देने व जमुई से अहरौरा, नरायनपुर से इमिलियाचट्टी मार्ग को नए सिरे से बनाने आदि मांग की है। सीओ चुनार मुकेश उत्तम ,थानाध्यक्ष अदलहाट श्यामबहादुर यादव चौकी इंचार्ज नरायनपुर मनोज ठाकुर दल बल के साथ डटे रहे। धरना प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को हरिशंकर सिह , नागेन्द्र बहादुर सिह , अकिलुद्दीन अहमद ,जालिम सिह , डा.अनिल सिह , अंजना सिह, हरिदास सिह , करूणा शंकर शुक्ल रामचन्दर सिह , विजय सिह, रामनरेश सिह, श्यामसुन्दर सिह , सुरेश सिंह आदि ने संबोधित किया। संचालन धर्मदेव उपाध्याय ने किया।