स्वदेशी सामानों को देखते भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह, स्रोत सोशल मीडिया
अहरौरा। जीएसटी की दरों में बदलाव के बाद उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह बातें बुधवार की देर शाम भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह ने जीएसटी बचत उत्सव पदयात्रा कार्यक्रम के दौरान चौक क्षेत्र के व्यापारियों को संबोधित करते हुए कही।
टिकरा खरंजा तिराहे से जीएसटी बचत उत्सव पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान राज्यसभा सदस्य ने व्यापारियों से संवाद किया। महिला व्यापारियों से उनके प्रतिष्ठान पर मुलाकात की तो दुकानदारों ने राहत की बात पर उत्साहित होकर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति राष्ट्र तथा व्यापारी हित को लेकर आभार जताया।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में पुरानी चारस्तरीय दर संरचना को हटाकर सिर्फ पांच प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दर रखी गई है।
उन्होंने बताया नई व्यवस्था के तहत दूध, पनीर, शैंपू, टूथपेस्ट, साबुन, साइकिल और बच्चों के सामान जैसी जरूरी वस्तुओं पर अब सिर्फ पांच प्रतिशत या शून्य कर लगेगा। इस दौरान मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, एमएलसी विनीत सिंह, सहकारी बैंक के चेयरमैन जगदीश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, दिनेश प्रताप सिंह शामिल रहे।