मिर्जापुर। अवकाश के दिनों में भी रविवार को बिजली विभाग की ओर से क्षेत्र में बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान जहां कइयों के कनेक्शन काटे गए वहीं लाखों रुपये विद्युत बिल की वसूली की गयी। चलाए गए अभियान से बकायेदारों में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त रहा।
विंध्याचल। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम पावर हाउस एसडीओ आशीष कुमार शुक्ला जेई रमन चतुर्वेदी के नेतृत्व में रविवार की सुबह 10:00 बजे से लेकर सायं काल 2:00 बजे तक विंध्याचल धाम सहित आसपास स्थित ग्रामीण क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया।
चलाए गए अभियान में कंतित बनारस बस स्टैंड, गजिया सहित अन्य कई स्थानों पर अवैध कनेक्शन के खिलाफ एवं बकाया के चलते लगभग 40 बकायेदारों व अवैध कनेक्शन धारियों के कनेक्शन काटे वहीं मौके पर दो लाख रुपए की बकाये विद्युत बिल की वसूली की गयी। जेई रमन चतुर्वेदी ने बताया विशेष अभियान क्षेत्र में प्रतिदिन जारी रहेगी।
नरायनपुर, अधिशासी अभियंता सुपुष्प कुमार के नेतृत्व में रविवार को नरायनपुर बाजार में सघन जांच व बकाया वसूली को लेकर दल बल के साथ अभियान चलाया गया। लगभग तीस हजार रुपया बकाया वसूला गया। साथ ही पन्द्रह लोगों का विद्युत बिल बकाया होने के चलते कनेक्शन काटा गया। जांच दल मे साथ चल रहे अवर अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि विद्युत बिल बकाया होने की स्थिति में विद्युत सप्लाई काट दिया जाएगा। इस दौरान अवर अभियंता सुशील कुमार, लाइनमैन अवधेश विश्वकर्मा, धर्मदास सिंह, मीनू, भरत लाल, रजत, विजय आदि मौजूद रहे।
जिगना, उप खंड अधिकारी आशीष शुक्ला के निर्देशन में विद्युत उपकेंद्र हरगढ़ में अवर अभियंता दयाशंकर प्रजापति व जिगना में अवर अभियंता राजेंद्र प्रसाद टीम की ओर से अभियान चला कर 1 लाख, 55 हजार की राजस्व वसूली की गयी। 18 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। हरगढ़ विद्युत उपकेंद्र अवर अभियंता ने बताया कि 1-लाख-10 हजार रुपये की वसूली के साथ 8 लोगों पर बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही 7 लोगों की लाइन काटी गई है।
जिगना उप केंद्र के अवर अभियंता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि 11 लोगों की लाइन काटने के बाद 45 हजार रुपया की वसूली की गई है। अभियान में संदीप कुमार, राकेश कुमार, रमाकांत, इसरार अली, मुंशीलाल, रमाकांत पांडेय व कौशल कुमार आदि शामिल रहे। कछवा, नगर पंचायत में सरकारी विभागों समेत प्राईवेट स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाया गया। एसडीओ उमेश चंद ने बताया कि बड़े सरकारी बकायेदारों ,प्राईवेट स्कूलों में जिनका बकाया पचास हजार रुपये से लेकर दो लाख रूपये तक बकाया है उनके कनेक्शन काटकर नोटिस दिया गया है।
183 बकाएदारों का कटा कनेक्शन
मिर्जापुर। विद्युत विभाग ने रविवार को अभियान चलाकर बकाएदारों का कनेक्शन काटा गया। इसमें दस हजार रुपये से अधिक बिल के 183 बकायेदारों के विरूद्ध जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर कनेक्शन काटा गया। विद्युत वितरण खंड द्वितीय की ओर से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए गए अभियान में कुल 183 बकाएदारों का विद्युत कनेक्शन विच्छेद किया गया। विच्छेद किए गए कनेक्शनों पर लगभग 83 लाख रुपये का राजस्व बकाया चल रहा है। नगर के पांडेयपुर में बड़े बकायेदारों के अलावा पेट्रोलपंपों समेत कइयों के बिजली कनेक्शन काटे गए। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में 14 टीमों ने क्षेत्रों का दौरा कर अभियान चलाया।