हलिया। सीएमओ पीडी गुप्ता ने बुधवार को उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया का औचक निरीक्षण किया। इमरजेंसी, ओपीडी, प्रसव कक्ष व दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। अवकाश के बाद भी अस्पताल में आए मरीजों को देखने के लिए इमरजेंसी के अलावा ओपीडी चलाए जाने पर सीएमओ ने खुशी जाहिर की। हालांकि अस्पताल परिसर में फैली गंदगी देखकर नाराजगी जताई।
उन्होंने चिकित्सकों को सेवाभाव से काम करने के लिए प्रेरित किया। मौजूद चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। सीएमओ ने उपस्थित पंजिका देखने के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी संजय त्रिपाठी के बारे में पूछा तो मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि कोविड टीकाकरण के संबंध में क्षेत्र में निकले हैं। सीएमओ ने स्वास्थ्य केन्द्र में आयुष विभाग द्वारा योग व आयुर्वेद के चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। बीसीपीएम अनिल कुमार ने सीएमओ को आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण व क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। सीएमओ इसके बाद मतवार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण करने के लिए निकल गए। इस दौरान बीसीपीएम अनिल कुमार डॉ. धर्मेंद्र सरोज, डॉ. सुरेश कनौजिया, डॉ. निर्मल, डॉ. रीना सिंह, राजेश कुमार, फार्मासिस्ट सुभाष सिंह आदि मौजूद रहे।