जिगना। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ छानबे विकास खंड के आई स्पर्श गांव नगवासी में कराए गए शिव मंदिर जीर्णोद्धार, सुलभ प्रसाधन तथा फास्ट फूड सेंटर का निरीक्षण किया। गांव के बाहर लगे बड़े बोर्ड पर एक ही समान लिखावट पर इसे सरकारी धन की बर्बादी बताया। कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता को फटकार लगाई।
सीडीओ ने ख़ंड विकास अधिकारी शरद कुमार सिंह व ग्रामपंचायत अधिकारी तथा ग्रामप्रधान को प्रत्येक बोर्ड पर अलग विषयवस्तु, संकेतक, मेला मंदिर गांव से संबंधित स्लोगन लिखवाने का निर्देश दिया। इसी तरह फास्टफूड सेंटर के हाल में पार्टीशन न होने पर भी सीडीओ ने नाराजगी जताई। 15 दिन के अंदर कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। व्याप्त कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। सीडीओ ने मेला के समय फास्टफूड सेंटर को किराये पर उठाने का निर्देश दिया। बता दें कि सपा शासन काल में पूर्व प्रधान नितिका शुक्ला के कार्य से प्रभावित होकर सरकार ने प्रदेश में पहला आई स्पर्श गांव 2016 में चयनित किया था। जिसके अंतर्गत पर्यटन विभाग की ओर से 75 लाख की योजना तैयार की गई थी। जिसके निर्माण कार्य की जिम्मेदारी यूपी कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कारपोरेशन लिमिटेड को दी गई थी। अब तक 70 लाख रुपया खर्च होना बताया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मिथिलेश कुमार, खंड विकास अधिकारी शरद कुमार सिंह, एडीओ पंचायत रविकांत ओझा, अवनीश कुमार यादव, कार्यदायी संस्था के एई महेश चंद आदि मौजूद रहे।