मिर्जापुर। सोमवार को अचानक सीबीएसई की 12वीं का परिणाम जारी कर दिया गया। उसके बाद शुरू हुई रिजल्ट निकालने की मशक्कत। लायंस स्कूल की खुशी बरनवाल ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर 97. 6 प्रतिशत अंकों के साथ वर्धमान की सिद्धी अग्रवाल रहीं।
इसी प्रकार एसएन पब्लिक स्कूल की आंचल अग्रहरि ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किया और वह तीसरे स्थान पर रही। इसी तरह विंध्यवासिनी पब्लिक स्कूल की स्वर्णिमा सिंह ने भी 96. 6 प्रतिशत अंक हासिल किया। वर्धमान स्कूल के अनुपम द्विवेदी ने भी 96. 6 प्रतिशत अंक हासिल किया।
परीक्षा का परिणाम तो दोपहर लगभग एक बजे ही जारी कर दिया गया था लेकिन उसे डाउनलोड करने में लोगों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। घंटों छकाने के बाद कहीं जाकर परिणाम मिलने शुरु हुए। मोबाइल वाले तो और भी परेशान रहे। शाम के लगभग चार बजे के आसपास अधिकतर परिणाम मिलने शुरू हुए। तब कहीं जाकर लोगों की जान में जान आई।
विद्यालयों में रहा हर्ष का माहौल
मिर्जापुर। हालांकि लाकडाउन के चलते सभी विद्यालय बंद रहे लेकिन रिजल्ट घोषित होने के बाद प्रबंधकों ने सफल बच्चों को घर से बुलाकर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ उनकी सफलता का जश्न मनाया। लायंस स्कूल, विंध्यवासिनी पब्लिक स्कूल, डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, एसएन पब्लिक स्कूल, वर्धमान पब्लिक स्कूल में सफल छात्र- छात्राओं को बुलाया गया और उनको मिठाई खिलाकर सफलता की बधाई दी गई।