मिर्जापुर। बुधवार को नगर पालिका परिषद मिर्जापुर व चुनार में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया।
नगर में बुधवार को घंटाघर से खजांची का चौराहा तक अतिक्रमण हटवाया गया। ईओ के निर्देश पर नालियों व पटरियों पर हुए अतिक्रमण को हटवाया गया। कई जगहों पर हुए अस्थायी निर्माण को भी हटवाया गया। हालांकि घंटाघर से खजांची का चौराहा रोड पर अतिक्रमण हटाते हुए पालिका कर्मियों की व्यावसायियों से कुछ कहासुनी भी हुई लेकिन बुलडोजर चलता रहा।
चुनार: परगना हवेली अंतर्गत ग्राम सहसपुरा में नेशनल हाईवे के लिये अधिगृहीत जमीन से भूमिधर कर्ण सिंह पुत्र बाजीलाल द्वारा प्रतिकर भुगतान लेने के बाद भी कब्जा हटाया नहीं जा रहा था। जिसमें शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी। नेशनल हाईवे के अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को जानकारी देने के बाद जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने उपजिलाधिकारी को उपरोक्त जमीन खाली कराने का निर्देश दिया। जिसके क्रम में उप जिलाधिकारी ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर इस जमीन, भवन को ध्वस्त कराकर कब्जा खाली कराया गया। इस संबंध में उपजिलाधिकारी ने बताया एनएच चौड़ीकरण के संबंध में ग्राम सहसपुरा में एनएच चौड़ीकरण के पहली बार अभियान के दौरान 0.1500 हेक्टेयर का मुआवजा वर्ष 2019- 2020 में दिया जा चुका है। उसके बाद भी उपरोक्त व्यक्ति के द्वारा मुआवजा प्राप्त करने के बाद भी अपना कब्जा बार-बार कहने के बावजूद भी नही हटाया जा रहा था। जिससे एनएच चौड़ीकरण कार्य बाधित हो रहा था।