पटेहरा। मड़िहान थानाक्षेत्र के लालपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। पुुलिस ने परिजनों को सूचना देकर घायल को अस्पताल ले गई। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मड़िहान थानाक्षेत्र के पड़रिया खुर्द निवासी महेश (23) पुत्र बजरंगी गोंड अपनी बाइक से बिना हेलमेट के सोनभद्र की तरफ जा रहा था। वह लालपुर गांव के पास पहुंचा था कि ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल को मड़िहान सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान राजेश ने बताया कि युवक दो दिन पूर्व घर से बिना कुछ बताए निकला था। बृहस्पतिवार को सोनभद्र की ओर जा रहा था। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था।