मिर्जापुर। महाशिवरात्रि पर बरियाघाट स्थित श्रीपंचमुखी महादेव मंदिर से श्री रामलीला कमेटी की ओर से डीजे और बैंडबाजा के साथ भूतनाथ की बरात निकाली गई।
बरात में शामिल श्रद्धालु भजनों की धुन पर नाचते और हर-हर महादेव का उद्घोष करते चल रहे थे। इसके बाद रात में भगवान शंकर और माता पार्वती का विवाह हुआ।
बरात निकलने से पूर्व पुजारी विपिन कुमार ने भगवान भोलेनाथ की पालकी का विधिवत पूजन किया। इसके बाद धूमधाम से बरात निकली, जो बघेल की गली, खजांची चौराहे, गिरधर चौराहे, बदली कटरा, डंकीनगंज चौराहे, पक्की सराय, घंटाघर, बासलीगंज होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। बरात देखने के लोग छतों, बारजों के साथ ही सड़कों के किनारे भीड़ जुटी रही। शाम को मंदिर में शहनाई और मंगल गीतों के बीच भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का धूमधाम से विवाह हुआ।
ब्रह्मकुमारी के प्रभु उपहार भवन में शिव ध्वजारोहण किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली और विशिष्ट अतिथि डीआईजी विकास कुमार वैद्य रहे।
इसी तरह जिगना के विजयपुर में पुरानी बाजार स्थित शिव मंदिर से शिव बारात निकाली गई। इसमें ऋषभ चतुर्वेदी, सुनील अग्रहरी, अशोक अग्रहरि आदि रहे। जमुई क्षेत्र के जमुहार रामसरोवर रैपुरिया में भी भगवान शंकर की बरात धूमधाम से निकली।