विंध्याचल। विंध्याचल की पहाड़ी पर बने रोप-वे का गृहमंत्री अमित शाह द्वारा रविवार को लोकार्पण होना है। लेकिन समाजवादी पार्टी के नेताओं ने शनिवार को ही फीता काटकर लोकार्पण कर दिया। कहा कि ये समाजवादी सरकार की योजना है।
समाजवादी पार्टी के युवा नेता व पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आकाश यादव ने कहा कि विंध्याचल में रोप-वे बनाने का निर्णय समाजवादी पार्टी की सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लिया था। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान रोप-वे की सौगात दी थी। भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकाल में सिर्फ और सिर्फ समाजवादी पार्टी की योजनाओं का फीता काटने का काम कर रही है। भाजपा सरकार में कोई भी विकास का कार्य नहीं हुआ है। इस अवसर पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शिव प्रसाद गिरी, अजय पटेल, संदीप बिंद, जगदीश्वर सिंह आदि रहे। सीओ सिटी प्रभात राय ने बताया कि अफवाह फैलाने के लिए ऐसा किया गया है। कोई उद्घाटन नहीं हुआ है। फोटो और वीडियो पुराना है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।