परशुराम सेना के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जिगना थाना क्षेत्र के बिहसड़ा बाजार सांसद पकौड़ी लाल कोल का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। वक्ताओं ने कहा जब तक सवर्णों को गाली देने वाले उक्त मनबढ़ सांसद को संबंधित पार्टी से निष्कासित नहीं किया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने अपना दल एस पार्टी का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
रॉबर्ट्सगंज से अपना दल (एस) सांसद पकौड़ी लाल कोल का एक वीडियो सोमवार से वायरल है। वीडियो में दिख रहा है कि अपना दल (एस) के सांसद सवर्णों को लेकर अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम पकौड़ी लाल कोल मिर्जापुर के बबूरा स्थित इटंर कॉलेज में अपने समाज की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
वो अपने पुत्र और छानबे विधायक राहुल प्रकाश के लिए जनता से वोट मांगने पहुंचे थे। इस दौरान हालिया संपन्न प्रधान चुनाव का जिक्र करते हुए वो भाषा के निम्न स्तर पर चले गए। उन्होंने ऐसी कई बातें कहीं, जिन्हें लिखा नहीं जा सकता। उनके इस आपत्तिजनक बयान का वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद सासंद का विरोध शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा अपना दल (एस) की नीतियों पर सवाल पूछे जाने के बाद पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने इसका संज्ञान लिया। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सांसद पकौड़ी लाल कोल को माफी मांगने के लिए निर्देशित किया।
वीडियो जारी कर मांगी माफी
सांसद ने वीडियो जारी कर कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कल से उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इससे ब्राह्मण व क्षत्रिय भाइयों की भावना को ठेस पहुंची है। आगे कहा कि वे भी इससे आहत हैं। कहा की वे आज जो कुछ भी हैं सर्वसमाज के आशीर्वाद से हैं। सांसद ने अंत में कहा कि उनसे जाने अनजाने में गलती या त्रुटि हुई हो तो वे इसके लिए हाथ जोड़ कर क्षमा मांगते हैं।