मिर्जापुर। लालगंज विकास खंड के गंगासायर कलां में मनबढ़ों ने शिलापट्ट को तोड़ते हुए पंचायत भवन को काफी क्षति पहुंचाई है। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए मनबढ़ों पर कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान अजय कुमार ने कहा सरकार की ओर से गांव में पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था। 25 मार्च को कुछ मनबढ़ों ने पंचायत भवन पर लगा शिलापट्ट तोड़ दिया। पंचायत भवन, शौचालय आदि में की वायरिंग व बल्ब आदि को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने एक मनबढ़ को पकड़ भी लिया। हालांकि लोगों के समझाने-बुझाने के बाद उसे छोड़ दिया गया। ग्राम प्रधान का कहना है कि अब मनबढ़ आए दिन उसे धमकी दे रहा है। प्रधान ने मनबढ़ के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई किए जाने की जिलाधिकारी से मांग की है।