ड्रमंडगंज। प्रभागीय वनाधिकारी पीएस तिवारी ने रविवार को ड्रमंडगंज वन रेंज कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के सभी अभिलेखों को देखा। डीएफओ ने सबसे पहले वहां तैनात वन कर्मियों की उपस्थिति रजिस्टर को देखा। रेंजर सहित सभी बीट प्रभारियों के साथ बैठक की। सभी बीट प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि वन क्षेत्र में कहीं भी अवैध खनन तथा वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण न होने पाए। इसमें संलिप्तता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीट प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। प्रभागीय वनाधिकारी ने वन क्षेत्र में नियमित गश्त और रोपे गए पौधों की सुरक्षा की हिदायत दी। इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी वीरेंद्र कुमार तिवारी के साथ सभी वन रक्षक तथा अन्य वन कर्मी उपस्थित रहे।
रेंजर ने हटाया वन भूमि से अतिक्रमण
ड्रमंडगंज। क्षेत्रीय वनाधिकारी ड्रमंडगंज के नेतृत्व में वन विभाग की फोर्स ने रविवार को बबुरा रघुनाथ सिंह वन कंपार्टमेंट नंबर चार, पांच और छह में करीब आठ एकड़ वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान वन विभाग की फोर्स ने अतिक्रमणकारियों द्वारा आरक्षित वन भूमि पर कई स्थानों पर बनाए गए मड़हा और बांस की बैरीकेडिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वाले मौके से भाग गए। रेंजर वीके तिवारी ने बताया कि शिनाख्त कर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में वन रक्षक सर्वेश कुमार पटेल, संजीव कुमार पटेल, राम सजीवन, संजय पाठक, सियाराम पाल आदि शामिल रहे।