मिर्जापुर के जमालपुर क्षेत्र में नई सरकार के गठन के बाद भी सफ़ाई कर्मी नदारद हैं। सफाईकर्मियों के लिए ग्राम प्रधान एडीओ पंचायत कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। विकास खंड के अधिकांश ग्राम पंचायत में गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। साफ-सफाई न होने से बरसात के मौसम में संक्रामक बिमारी फैलने की आंशका बढ़ गयी है।
बता दें कि जमालपुर क्षेत्र में करोना महामारी के दौरान जहां सरकार के निर्देश हैं साफ़-सफाई व्यवस्था चुस्त व दुरुस्त रखा जाए वहीं सफाई कर्मी अपने तैनाती स्थल से गायब हैं। गांवों में नाली बजबजा रहीं हैं। 225 राजस्व गांव में करीब 150 सफाईकर्मियों की तैनाती है। पंचायत चुनाव के बाद से सफाईकर्मी गांव से लापता हैं। अपने तैनाती स्थल के बजाय सफाईकर्मी ब्लाक पर तैनात अधिकारियों के इर्द-गिर्द घूम कर समय बिता रहे हैं।
पेरोल पर हाजिरी रजिस्टर बना कर बिना काम के ही वेतन उठा रहे हैं। ग्राम पंचायत जफरपुरा, धारा, मठना, हरिहरपुर, मीरपुर, कौवासाथ, पिडिखिर, जमालपुर, गोगहरा, बहुआर, डोमरी, डोहरी, देवरिया, डवक, जोगवा, सेमरा व जगदीशपुर सहित सभी ग्राम पंचायतों की हालत गंदगी के चलते दयनीय है। सहायक पंचायत अधिकारी शिवम् चौधरी ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि बरसात के मौसम में गांव में नालियों की साफ- सफाई कराए जाएं।